पठानकोट के सरना क्षेत्र में टैंकर वर्कशॉप में वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण विस्फोट में एक फोरमैन की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना तेज था कि वर्कशॉप की टीन की छत उड़ गई और टैंकर को भी भारी नुकसान पहुंचा। मृतक की पहचान गांव बलसुआ निवासी 60 वर्षीय दौलत राम के रूप में हुई है। दौलत राम पिछले 20 वर्षों से वर्कशॉप में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार टैंकर के अंदर जमा ज्वलनशील गैस और अत्यधिक गर्मी के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। वेल्डिंग का काम शुरू करते ही अचानक जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वर्कशॉप मालिक ने दौलत राम की मौत पर दुख जताते हुए उन्हें परिवार के सदस्य जैसा बताया।
Source: Source