रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में स्टील कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट, कैंटीन में तोड़फोड़ और ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया डीजल, नगदी और घटना में इस्तेमाल कार व पल्सर बाइक जब्त की गई है। आरोपियों ने कैंटीन संचालन के एवज में हर महीने अवैध रकम और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। विरोध करने पर कर्मचारियों को पीटा गया। आरोपियों ने ग्राम सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास दो ट्रकों को ओवरटेक कर रोक लिया और ट्रक चालकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए और 30 लीटर डीजल व चालक के पास रखे 25,500 रुपए लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर डीजल, 12 हजार रुपए नकद, करीब 6 लाख रुपए कीमत की कार और 1 लाख रुपए कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है। डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया, कि शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की गई। लूट-रंगदारी के आरोप में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामलें में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
: Source