बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। बंद की घोषणा डॉ. बीआर अंबेडकर वेलफेयर मंच और भगवान वाल्मीकि शक्ति दल के पदाधिकारियों ने की है। संगठनों ने प्रेस वार्ता कर लोगों से बंद में सहयोग करने की अपील की। नेताओं के अनुसार, कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने इस बंद को समर्थन दिया है। व्यापारियों, दुकानदारों और उद्योगपतियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया गया है। आयोजकों ने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग को सरकार तक पहुंचाना है। बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है। अस्पताल, एंबुलेंस सेवा, मेडिकल स्टोर और स्कूल खुले रहेंगे। संगठनों ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है।
Source: Source