बेनूर में नारायणपुर-कोंडागांव मुख्य मार्ग की खराब हालत से ग्रामीण परेशान हैं। बस स्टैंड से थाना तक सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। पानी भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने से दोपहिया वाहन चालकों के हादसे का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, कई लोग पहले भी इन गड्ढों के कारण चोटिल हो चुके हैं। भारी वाहनों के आने पर बाइक चालकों को साइड देने में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग प्रशासनिक अधिकारियों के नियमित आवागमन का रास्ता है। इसके बावजूद सड़क मरम्मत को लेकर अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी समस्या को उठाया गया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी से जल्द सड़क सुधार की मांग की है। उन्होंने संभावित बड़े हादसों को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की अपील की है।
Source: Source