छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के नेहरू नगर इलाके में एक कारोबारी के सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। परिवार के ऋषिकेश जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए। कारोबारी रजनीश सेठ 18 जुलाई से परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर की सुरक्षा के लिए रात में गार्ड तैनात था। गुरुवार रात गार्ड ने मकान के पीछे लगी विंडो AC हटे होने की जानकारी दी, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, घर से करीब 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और कीमती सामान चोरी होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी। पॉश इलाके में हुई चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
Source: Source