पठानकोट जिला जेल में एक विचाराधीन कैदी संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। घायल हवालाती को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल, पठानकोट ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में बताया कि वह लगभग 50 से 60 प्रतिशत तक जल चुका है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज, अमृतसर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैदी आग की चपेट में कैसे आया। यह भी जांच का विषय है कि जेल परिसर के भीतर उसके पास आग या ज्वलनशील पदार्थ कैसे पहुंचा। जेल प्रशासन और पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
Source: Source