पंजाब के फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दवा लेकर गांव लौट रहे पति-पत्नी की बाइक को पंजाब रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में पति गुरमीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी रामोबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल महिला को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने बताया कि वे दोनों फाजिल्का में निजी डॉक्टर से दवा लेने आए थे। वापस लौटते समय बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद बस बाइक और पति को काफी दूर तक घसीटती ले गई। परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source