छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक 22 वर्षीय युवक का शव नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कछिया निवासी विमलेश वर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से लापता था। युवक का शव चलगली थाना क्षेत्र स्थित बाबा बच्छराज कुँवर धाम के पास नदी में मिला। जानकारी के अनुसार, विमलेश धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले बकरों की बलि देने का काम करता था। घटना से पहले झारखंड से आए कुछ श्रद्धालु उसे अपने साथ ले गए थे। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। पुलिस जांच के दौरान उसकी मोटरसाइकिल उन्हीं श्रद्धालुओं के पास मिली, जो उसे अपने साथ लेकर गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Source: Source