छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। विश्रामपुर क्षेत्र में सामने आए इस दोहरे हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। 10 अक्टूबर की सुबह अंबिकापुर के पास कालीघाट क्षेत्र में महावीरपुर के जंगल में एक युवक का शव नाले में मिला था। जांच के दौरान युवक की पहचान विश्रामपुर की मामला कॉलोनी निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस को पता चला कि उसकी शिक्षिका मां भी फोन नहीं उठा रही थीं। पुलिस जब महिला के घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर के बाथरूम में महिला का शव मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। सोमवार को हुई पोस्टमार्टम जांच में संकेत मिले कि मां और बेटे की हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। विश्रामपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश पटेल स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं। जयनगर पुलिस भी आरोपियों की पहचान और दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
Source: Source