बस्तर के प्रसिद्ध गोंचा पर्व के दौरान जगदलपुर में रथयात्रा के समय बड़ा हादसा हो गया। भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और बलभद्र की रथयात्रा में एक महिला रथ के नीचे आ गई। महिला का हाथ रथ के पहिए की चपेट में आने से गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं ने तुरंत महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल महिला को पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। महिला जगदलपुर के धरमपुरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और उनकी उम्र करीब 70 साल है। पुलिस के अनुसार रथ खींचने के दौरान भारी भीड़ के बीच यह हादसा हुआ। गोंचा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन और रथ स्पर्श के लिए पहुंचे थे। इस अवसर पर 22 देव विग्रहों को तीन रथों में विराजित कर यात्रा निकाली गई। रथयात्रा जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिरहासार भवन पहुंची। बस्तर की 619 साल पुरानी गोंचा पर्व परंपरा में तुपकी सलामी जैसी विशेष रस्में भी निभाई गईं।
Source: Source