हरियाणा के रोहतक जिले में बिजली और पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। मकड़ौली गांव के लोगों ने देर रात मकड़ौली टोल पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद अधिकारी समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहे हैं। इससे पहले भी गांव में पंचायत कर अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया था। टिटोली गांव के ग्रामीणों ने भी बिजली संकट को लेकर भगवतीपुर बिजली घर का घेराव किया। लोगों ने लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन और सड़क जाम किया जाएगा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने समस्या दूर करने का आश्वासन दिया है।
Source: Source