भिलाई में शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि संगठन के पदाधिकारी चेतन चंदेल और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने स्मृति नगर चौकी परिसर में घुसकर नारेबाजी की। पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। इस मामले में चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि भाजयुमो का प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी हुई थी, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे प्रदर्शनकारी पूरा मामला शंकराचार्य अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर क्रांति सेना के कार्यकर्ता गुरुवार शाम स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आवेदन देने और कुछ समय तक इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे और पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बहस का वीडियो घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि पहले स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद सुपेला थाना प्रभारी ने भी समझाइश दी, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर निकाला इसी दौरान सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी थाना परिसर में एक अन्य मामले में दो पक्षों के बीच चर्चा करवा रहे थे। शोर-शराबा सुनकर वे बाहर आए और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारी उनसे भी बहस करने लगे और डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने पर सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर खदेड़ दिया। चेतन चंदेल समेत अन्य पर दर्ज हुआ केस इसके बाद स्मृति नगर चौकी की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया। डॉक्टर अनुराग चंद्राकर पर भी दर्ज हुआ अपराध इधर, आवेदक भूपेंद्र साहू (33) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुराग चंद्राकर अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और कार में स्क्रैच लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। भूपेंद्र साहू ने बताया कि डॉक्टर और उनके साथियों ने हाथ-मुक्कों से हमला किया। शिकायत के बाद पुलिस ने डॉक्टर अनुराग चंद्राकर के खिलाफ भी अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बोली- एकतरफा कार्रवाई का बना रहे थे दबाव सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, आरक्षक राकेश सिंह की शिकायत पर चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 और 221 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत मिली थी और पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया में थी। लेकिन संगठन के लोग पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का दबाव बना रहे थे। भाजयुमो के प्रदर्शन पर कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल वहीं शुक्रवार को सुपेला घड़ी चौक पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजयुमो और बीजेपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की हुई। वीडियो में कार्यकर्ता थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों को धक्का देते दिखाई दिए, लेकिन इस मामले में पुलिस ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। भाजयुमो नेताओं की मौजूदगी में हुआ पुतला दहन पुतला दहन कार्यक्रम में बीजेपी जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, महिला जिला अध्यक्ष स्विटी कौशिक और भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल समेत कई नेता मौजूद रहे।
: Source