पानीपत की एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) पुलिस टीम ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने सेंट मैरी स्कूल के पास स्थित एक ढाबे से 1.70 लाख रुपये चुराने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-6 फाटक के पास नाकाबंदी कर इन आरोपियों को दबोचा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पानीपत निवासी सिंटू और सोनीपत निवासी सचिन के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक और अन्य मादक पदार्थों के गंभीर आदी हैं। नशे की लत पूरी करने और पैसे खत्म होने पर ही उन्होंने इस चोरी की साजिश रची थी। यह वारदात पिछले महीने 5 जून को अंजाम दी गई थी, जिसकी शिकायत थाना पुराना औद्योगिक में दर्ज थी। आरोपियों ने चोरी की गई ज्यादातर रकम नशे और ऐशो-आराम में खर्च कर दी। पुलिस ने उनके पास से बची हुई 25 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर अब दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Source: Source