रायपुर के तेलीबांधा इलाके में प्लाईवुड कारोबारी के कर्मचारी से 35 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी 40 दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबर और इस्तेमाल की गई गाड़ी का नंबर मिलने के बावजूद पुलिस अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों ने मुंबई निवासी प्लाईवुडकर्मी से 35 लाख की ठगी की थी। घटना के बाद करण शर्मा ने तत्काल तेलीबांधा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 14 अप्रैल को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साइबर सेल और लोकल पुलिस की टीम तकनीकी जांच में जुटी हुई है। लंबे समय से राजधानी में हवाला नेटवर्क सक्रिय होने की चर्चा थी, लेकिन इस घटना के बाद पहली बार पुलिस जांच में इसकी पुष्टि हुई है। हवाला कारोबार से जुड़े लोगों पर अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। शहर में अवैध लेनदेन का कारोबार धड़ल्ले से चलने की चर्चा है। कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
: Source