पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव सीरा में बिजली मीटर से छेड़छाड़ रोकने को लेकर हुए विवाद में युवक मनपिंदर सिंह उर्फ मन्ना की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी गगनदीप सिंह ने उस पर छह गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल मनपिंदर को पहले बटाला और फिर अमृतसर के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई हरआनंद सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गगनदीप और उसकी पत्नी जसबीर कौर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली गई है। परिजनों का आरोप है कि बिजली मीटर से छेड़छाड़ को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना के समय मृतक के भाई ने पूरी वारदात अपनी आंखों के सामने होने का दावा किया है। पुलिस मामले में पुरानी रंजिश और हत्या की साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।
Source: Source