डौंडी विकासखंड में खरीफ सीजन की खेती का काम तेजी से चल रहा है। कृषि विभाग ने इस वर्ष 24,600 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब 17 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बोवनी पूरी हो चुकी है। वहीं रोपा पद्धति और लेही पद्धति से धान की खेती के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। कृषि विभाग किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। छत्तीसगढ़ शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक फार्मर आईडी में पंजीयन जरूरी होगा। कृषि विभाग अरहर, उड़द और मूंग जैसी फसलों के लिए किसानों को अनुदान पर बीज उपलब्ध करा रहा है। लघु, सीमांत और महिला किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा धान की रोपाई में पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए 7500 रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान देने का प्रावधान है। विभाग का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती में नई तकनीकों को बढ़ावा देना है।
Source: Source