मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना होमस्टे में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनके पति सोमयाजुला श्रीचरण को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया है। मृतका के पिता ने दामाद पर मानसिक प्रताड़ना और हत्या की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। घटना के समय पति-पत्नी कमरे में साथ थे। मृतका के पिता, जो एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी हैं, ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी शराब नहीं पीती थी और उसे जबरन नशीला पदार्थ दिया गया होगा। गौरतलब है कि मृतका का परिवार 19 जून को पिता का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था। आरोपी पति की पूर्व में अग्रिम जमानत याचिका भी अदालत द्वारा खारिज की जा चुकी थी। मामले में मजिस्ट्रेटी जांच भी जारी है।
Source: Source