श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज तीन दिवसीय धार्मिक दौरे पर हांगकांग पहुंचे हैं। उनका यह दौरा गुरुद्वारा खालसा दीवान के विशेष निमंत्रण पर आयोजित किया गया है। हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर गुरुद्वारा परिसर तक स्थानीय सिख संगत ने उनका भव्य स्वागत किया। गुरुद्वारा पहुंचने पर धार्मिक जयकारों और पारंपरिक सम्मान के साथ उनका अभिनंदन किया गया। दौरे के दौरान वह विशेष गुरमति समागम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे संगत को गुरुबाणी और सिख इतिहास से जुड़े संदेश देंगे। जत्थेदार स्थानीय सिख समुदाय, गुरुद्वारा प्रबंधन और युवाओं के साथ विभिन्न बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में विदेशों में सिख धर्म के प्रचार-प्रसार और सिख मर्यादा को मजबूत बनाए रखने पर चर्चा होगी। हांगकांग में सिख समुदाय का लगभग 125 वर्षों का इतिहास रहा है और गुरुद्वारा खालसा दीवान वहां का प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जाता है। इस दौरे में उनके साथ मीडिया सलाहकार सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय सिख नेताओं और गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
Source: Source