बिलासपुर में 22.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क को लेकर विवाद बढ़ गया है। अरपा नदी किनारे कोनी क्षेत्र में निर्माणाधीन इस सड़क की लंबाई 1900 मीटर और चौड़ाई 35 फुट है। सड़क में एंट्री और एग्जिट की व्यवस्था नहीं होने से इसकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निरीक्षण के दौरान इस परियोजना पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने मामले की जांच की मांग की है। विधायक ने कहा कि जनता के पैसे का उपयोग जनहित के कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने इस निर्माण को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के एमडी प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वीकार किया कि सड़क का फिलहाल कोई एग्जिट नहीं है। उन्होंने बताया कि धूरीपारा रोड की ओर एग्जिट बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा सकता है। भविष्य में इस सड़क को प्रस्तावित पीडब्ल्यूडी फ्लाईओवर परियोजना से जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है। मामले को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
Source: Source