पंजाब के गुरदासपुर सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक में तकनीकी खराबी के कारण 25 यूनिट रक्त खराब हो गया। यह घटना ब्लड स्टोरेज के लिए लगाए गए नए फ्रीजर में खराबी आने के बाद हुई। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पूजा खोसला ने बताया कि रात के समय फ्रीजर में तकनीकी समस्या आई थी। फ्रीजर में कोई अलर्ट या संकेत नहीं मिलने के कारण समय रहते खराबी का पता नहीं चल सका। इसके चलते अंदर रखा रक्त उपयोग के योग्य नहीं रहा। अस्पताल प्रशासन ने खराब रक्त को जैव चिकित्सा अपशिष्ट नियमों के तहत नष्ट कर दिया है। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित फ्रीजर कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। डॉ. खोसला ने बताया कि हाल ही में हुए रक्तदान शिविरों के कारण ब्लड बैंक में करीब 50 यूनिट रक्त उपलब्ध है। जरूरतमंद मरीजों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
Source: Source