रेल मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश के यात्रियों के लिए दो नई रेल सुविधाओं को मंजूरी दी है। उत्तर रेलवे अब पंजाब के होशियारपुर जिले के करतोली से अंबाला के बीच सिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन दौलतपुर चौक, अंब-अंदौरा और ऊना होते हुए अंबाला पहुंचेगी। इसके अलावा दौलतपुर चौक से दिल्ली जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस का विस्तार करतोली तक कर दिया गया है। नई सेवाओं से ऊना, नंगल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली और अंबाला की यात्रा में सुविधा मिलेगी। सिटी एक्सप्रेस में यात्रियों को एसी कोच की सुविधा भी मिलेगी। ट्रेन संख्या 14501 और 14502 का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। इसके ठहराव में कई प्रमुख रेलवे स्टेशन शामिल किए गए हैं। हिमाचल एक्सप्रेस अब करतोली से दिल्ली तक चलेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। रेल मंत्रालय के इस फैसले से क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है।
Source: Source