हरियाणा के नारनौल में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की रेवाड़ी यूनिट ने एक नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1,680 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई ब्यूरो प्रमुख एवं एडीजीपी संजय कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत की गई। यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर धरमबीर के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी नारनौल-निजामपुर बाइपास पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाला है। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने होटल सनराइज के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध प्रकाश निवासी गांव पटीकरा को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शहर थाना नारनौल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस नशा तस्करी नेटवर्क के मुख्य आपूर्तिकर्ताओं और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। इस सफलता से क्षेत्र में सक्रिय नशा माफिया पर लगाम लगने की उम्मीद है। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ जनता से सहयोग की अपील करते हुए सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।
Source: Source