पलवल के फुलवाड़ी गांव में स्थित ‘सरपंच ट्रक ढाबा’ पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ढाबा संचालक नितेश उर्फ नित्ते ने बताया कि एक काले रंग की स्विफ्ट कार में आए निरोत्तम और उसके पांच अज्ञात साथियों ने उन पर हमला किया। आरोपियों के पास हथियार, हथौड़े और डंडे थे। निरोत्तम द्वारा किए गए सीधे फायर से नितेश बाल-बाल बच गए, क्योंकि गोली कैश काउंटर की दराज में जा लगी। अपनी जान बचाने के लिए नितेश छत पर चढ़ गए और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। पुलिस को मौके से कारतूस का खोखा और गोली का सिक्का बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
Source: Source