कोरबा शहर में नशे की हालत में बीच सड़क पर गुंडागर्दी करने वाले एक युवक को मानिकपुर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 6 जुलाई को निहारिका मेन रोड पर हनुमान मंदिर के पास हुई, जहां आरोपी ने हॉर्न बजाने की मामूली बात पर एक बोलेरो चालक सोहेल अली के साथ बुरी तरह मारपीट की। आरोपी ने अपनी कार को बीच सड़क पर रोककर जाम लगा दिया और पीड़ित को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान सड़क पर मौजूद स्कूली बच्चे और राहगीर दहशत में रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटाई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी की पहचान सुजल सोनवानी (21) के रूप में की है, जो घटना के समय शराब के नशे में था। मानिकपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की नेक्सॉन कार जब्त कर ली है। न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source