फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में 30 वर्षीय महिला लक्ष्मी उर्फ चांदनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मृतका के परिजनों ने पति और ससुर पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता वीरेंद्र के अनुसार, सुबह लक्ष्मी ने अपनी बहन को फोन कर ससुराल पक्ष द्वारा झगड़ा करने और घर से बुलाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद से फोन बंद हो गया और शाम को ससुराल से फांसी लगाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने समय पर सूचना न देने और हत्या का आरोप लगाते हुए एंबुलेंस रोककर हंगामा किया। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और एसीपी रवि कुंडिया ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने मृतका के पति संजय, ससुर धर्मपाल, देवर और घर की अन्य महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। पिता ने बताया कि 2012 में शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और न्याय की मांग तेज हो गई है।
Source: Source