अबोहर क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से कृषि भूमि को बंजर बना रही सेम (जलभराव) की समस्या के समाधान के लिए 6 करोड़ रुपये की परियोजना का काम फिर से शुरू कर दिया गया है। विधायक संदीप जाखड़ के प्रयासों से खुईयां सरवर और ढाणी चिराग क्षेत्र में ट्रेंचिंग मशीन को दोबारा चालू कराया गया है। इस परियोजना के तहत लगभग 160 एकड़ कृषि भूमि में आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जो जमीन के नीचे जमा खारे पानी को बाहर निकालकर जल निकासी सुनिश्चित करेगी। इससे जलभराव की समस्या का स्थायी अंत होगा और किसान अपनी बंजर हो रही जमीन पर फिर से खेती कर सकेंगे। वर्षों से फसल के नुकसान से जूझ रहे किसानों ने इस कदम का स्वागत किया है। विधायक जाखड़ ने विश्वास जताया है कि इस प्रोजेक्ट के समय पर पूरा होने से क्षेत्र की किसानी को नई दिशा मिलेगी और आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी।
Source: Source