पानीपत के राजाखेड़ी गांव में एक खाली मकान पर बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। मकान मालिक संदीप को बुधवार सुबह अपनी इको गाड़ी लेने पहुंचने पर वारदात का पता चला। मौके पर गेट और मकान के अंदर गोलियों के निशान मिले, जबकि गाड़ी का शीशा भी टूटा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक गोली गाड़ी में और अन्य गोलियां सीढ़ियों के पास लगीं। पीड़ित ने पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर गांव के ही एक युवक पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि आरोपी का पहले भी उसके परिवार के साथ विवाद हो चुका है। सूचना मिलने पर किला थाना पुलिस और सीआईए की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच आरोपी बताए जा रहे युवक के पिता ने अलग शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें अपने बेटे पर तलवार से हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने उस मामले में भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source