यमुनानगर के रादौर में ज्वेलर्स से हुई हथियारबंद लूट के पांच दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित गुप्ता से पिस्टल के बल पर लाखों रुपये की लूट के बाद व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है। ज्वेलर्स एसोसिएशन ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। इससे पहले एसोसिएशन ने रादौर थाना प्रभारी को ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की थी। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में हुई इस वारदात से दुकानदारों में डर का माहौल है। घटना का एक नया सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक बदमाश पहले से दुकान के बाहर खड़ा दिखाई दे रहा है। फुटेज में तीन बदमाशों को बाइक से पहुंचकर वारदात को अंजाम देते और फरार होते देखा गया है। ज्वेलर्स एसोसिएशन ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए स्थानीय थाना, सीआईए टीमों और साइबर टीम द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वारदात के दौरान बदमाशों ने दुकान बंद करते समय अमित गुप्ता पर हमला कर बैग लूट लिया था और फरार होते समय हवाई फायर भी किया था। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया है।
Source: Source