अंबाला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए नारायणगढ़ की टीम ने एक आरोपी को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसके बाद थाना मुलाना क्षेत्र के गांव बुडियो के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरनजीत सिंह उर्फ सन्नी निवासी तंदवाली, थाना बराड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत से आरोपी को रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब पूछताछ के जरिए हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source: Source