ओढ़ां के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर मंगलवार तड़के डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ा सड़क हादसा होने से बचा लिया। तड़के करीब चार बजे जब ब्लॉक मसीतां के सेवादार सिरसा से डबवाली की ओर जा रहे थे, तो उनकी नजर हाईवे पर बिखरे हुए चारे के गट्ठरों पर पड़ी। घने अंधेरे और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण ये गट्ठर किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते थे। सेवादारों ने बिना देरी किए अपना वाहन रोका और सड़क पर बिखरे चारे को हटाकर सुरक्षित किनारे किया। शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी और एमएसजी आईटी विंग के सदस्यों के इस सराहनीय कार्य से वाहन चालकों को सुरक्षित मार्ग मिल सका। घटनास्थल से गुजरने वाले राहगीरों ने सेवादारों की इस जिम्मेदारी और मानवता की भावना की जमकर प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हर नागरिक इसी प्रकार सतर्क रहे, तो सड़क हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है। इस सेवा कार्य में जवाला इन्सां, फूल कुमार इन्सां, सागर इन्सां, गुरप्रीत निमी इन्सां और गुरप्रीत इन्सां ने सक्रिय भूमिका निभाई। सेवादारों ने बताया कि वे निरंतर समाजहित और मानवता की भलाई के लिए सेवा कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Source: Source