चंडीगढ़ में किसान भवन चौक के पास ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहीं महिला ट्रैफिक कांस्टेबल मोनिका को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना शनिवार देर रात उस समय हुई जब ड्रंकन ड्राइव नाके के बाद पुलिसकर्मी बैरिकेड हटा रहे थे। कार की टक्कर से मोनिका कई फीट दूर जा गिरीं, जिससे उनके हाथों और पीठ में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मोनिका को छुट्टी दे दी गई है और वे घर पर आराम कर रही हैं। पुलिस ने मौके का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। जांच में सामने आया कि कार पंजाब के लुधियाना की है। पुलिस ने वाहन और चालक की पहचान कर ली है। फरार आरोपी चालक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सेक्टर-36 थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। पीड़ित कांस्टेबल के बयानों के आधार पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source