जालंधर के प्रसिद्ध श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर परिसर में चड्ढा बिरादरी की महत्वपूर्ण वार्षिक बैठक संपन्न हुई। वर्तमान प्रधान विपिन चड्ढा बब्बी की अध्यक्षता में बिरादरी के भविष्य को लेकर कई कड़े निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से बिरादरी की मौजूदा वर्किंग बॉडी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया। सभी पदाधिकारियों, जिसमें चेयरमैन, प्रधान, महासचिव और कैशियर शामिल थे, ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। बिरादरी ने अब नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चुनाव के लिए इच्छुक उम्मीदवार 15 जुलाई तक अपना नामांकन संजय चड्ढा के पास जमा करवा सकेंगे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 जुलाई को नए प्रधान के चयन के लिए मतदान होगा। बैठक के दौरान कैशियर अनिल चड्ढा ने पिछले एक साल का आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सभी सदस्यों ने सराहा। वरिष्ठ सदस्यों ने स्पष्ट किया कि 25 सितंबर को होने वाले श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले की तैयारियों के लिए नई टीम का गठन आवश्यक था। नई कार्यकारिणी का उद्देश्य मेले का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है। बैठक में तरसेम कपूर, शाम लाल चड्ढा, ललित मोहन चड्ढा समेत बिरादरी के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
Source: Source