बिहार के सुपौल जिले में एक महिला का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह शव किसनपुर थाना क्षेत्र के पूर्वी कोसी तटबंध स्थित स्पर संख्या 49 के पास रतनपुरा गांव के निकट मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक जांच में मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
Source: Source