फरीदकोट जिले के कोटकपूरा-मोगा रोड पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गिद्दड़बाहा निवासी तेजपाल छाबड़ा (47) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तेजपाल अपने रिश्तेदारों के साथ ढाबे पर खाना खाकर लौट रहे थे, तभी उनकी कार की सामने से आ रहे एक कैंटर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में बठिंडा स्थित एम्स रेफर कर दिया गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि तेजपाल की पत्नी का निधन कोरोना काल के दौरान हो गया था। थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस एसएचओ सुखविंदर सिंह के अनुसार, परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source: Source