हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने रूटीन गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गग्गल पुलिस द्वारा कुठमा क्षेत्र में की गई चेकिंग के दौरान हुई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से करीब 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरपाल सिंह और जसपाल सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे की सप्लाई चैन का पता लगाया जा सके। यह भी जांच की जा रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
Source: Source