चंडीगढ़ में हाल ही में हुई फायरिंग और गैंगस्टर गतिविधियों के मद्देनजर शुक्रवार सुबह सेक्टर-43 स्थित इंटर स्टेट बस टर्मिनस (आईएसबीटी) पर पुलिस ने गहन सुरक्षा अभियान चलाया। ऑपरेशन सेल की टीम ने बस स्टैंड को पूरी तरह घेर लिया और करीब दो घंटे तक हर आने-जाने वाली बस, यात्रियों और उनके सामान की सघन तलाशी ली। इंस्पेक्टर जसपाल सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान में पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई अपराधी या अवैध सामान बसों के जरिए शहर में प्रवेश न कर सके या बाहर न निकल सके। गौरतलब है कि शहर में हुई पूर्व की वारदातों में अपराधियों द्वारा बसों का इस्तेमाल करने की बात सामने आई थी। इस दौरान पुलिस ने वेटिंग एरिया, पार्किंग, टिकट काउंटर और दुकानों की भी बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान यात्रियों में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने इसे एहतियाती सुरक्षा कदम बताया। साथ ही, बस स्टैंड के बाहरी हिस्सों में सीसीटीवी कैमरों की कमी पर भी चिंता जताई गई, जहां से अपराधियों के फरार होने की आशंका बनी रहती है। भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए बाहरी रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
Source: Source