दंतेवाड़ा के गीदम थाना क्षेत्र में ऑनलाइन टास्क और निवेश के नाम पर हुई 61.06 लाख रुपये की बड़ी ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने केरल के कोझिकोड जिले में छापेमारी कर अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद नीजाज (21), अभिनव श्रीनिवास (23) और मोहम्मद साहिल (21) के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि ये आरोपी फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम मंगाते थे। अभिनव श्रीनिवास इस रकम को पुलिस की पकड़ से बचाने के लिए क्रिप्टो करेंसी में बदलकर उसे अन्य जगहों पर ट्रांसफर कर देता था। गिरोह के पास से कई बैंक खाते और डिजिटल वॉलेट मिले हैं, जिनकी पुलिस गहन जांच कर रही है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए कमीशन का काम करते थे। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों को 27 जून तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि पुलिस इस मामले में पहले भी देश के विभिन्न राज्यों से कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब डिजिटल फॉरेंसिक के जरिए ठगी के पूरे नेटवर्क और क्रिप्टो ट्रेल को खंगालने में जुटी है।
Source: Source