बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित बारह पत्थर मोहल्ला (वार्ड नंबर-35) में रविवार सुबह मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मोहल्ले में कचरे के ढेर के पास एक नवजात का शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। सुबह जब स्थानीय लोगों ने कचरे के पास शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि नवजात को यहां फेंकने वालों का पता लगाया जा सके। इस अमानवीय कृत्य के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नवजात को यहाँ किसने और क्यों छोड़ा। पुलिस ने मोहल्ले के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रशासन ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source: Source