पठानकोट में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के जिला प्रधान विमुक्त शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 22 जून से पूरे पंजाब में सीएचओ हड़ताल पर चले जाएंगे। यूनियन का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मिले आश्वासन के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारी नाराज हैं। विरोध स्वरूप 22 जून से सभी सीएचओ ऑनलाइन और ऑफलाइन काम बंद कर देंगे और जिलों में प्रदर्शन करेंगे। यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो 1 जुलाई तक ब्लॉक स्तर पर आंदोलन चलेगा और 2 जुलाई को मुख्यमंत्री के संगरूर स्थित आवास का घेराव किया जाएगा। प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति को दूर करना, समान काम के लिए समान वेतन, लॉयल्टी बोनस, कैडर की मंजूरी और नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। इस आंदोलन के कारण ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरा असर पड़ने की संभावना है।
Source: Source