कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के कोटपाड गांव में दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे बुधवार शाम गांव के नाले में नहाने गए थे। नाले में बने एक गहरे गड्ढे में जाने के कारण वे पानी में डूब गए। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय साजन पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम के रूप में हुई है। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नाले के किनारे उनके कपड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश अभियान चलाया। रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऋषभ अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वहीं साजन परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है। इस हादसे से दोनों परिवारों और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Source: Source