सोनीपत के मॉडल टाउन क्षेत्र में एसी रिपेयरिंग की दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ रोमियो, नवीन उर्फ लच्छा और विकास उर्फ बन्देपुरिया के रूप में हुई है। पीड़ित सुनील ने मॉडल टाउन स्थित अपनी किराए की दुकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण दुकान कई दिनों से बंद थी। जब वह 17 जून को दुकान पहुंचे तो वहां से डेढ़ टन का एसी, कॉपर कॉइल और बिजली के कीमती तार गायब मिले। जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को दुकान के आसपास घूमते हुए देखने की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। सहायक उप-निरीक्षक विजय के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Source: Source