हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। छछरौली क्षेत्र के ताहरपुर-इब्राहिमपुर रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। आशंका है कि रात के दौरान भैंसें तबेले से निकलकर सड़क पर पहुंच गई थीं। सुबह पशु मालिक मोहम्मद हसन को भैंसें तबेले में नहीं मिलीं तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। सड़क पर पहुंचने पर उन्होंने पशुओं को घायल और मृत अवस्था में पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पशु मालिक के अनुसार हादसे से उन्हें करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मृत और घायल पशुओं में तीन गर्भवती भैंसें भी शामिल थीं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के संचालन को हादसों की बड़ी वजह बताया। उनका कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Source: Source