लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 3 अंतर्गत मोहल्ला धर्मपुरा में अज्ञात चोरों ने एक दो मंजिला मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। पीड़ित मकान मालिक बलजिंदर कुमार के अनुसार, 14 जून की सुबह उन्हें चोरी का पता चला जब वे घर की दूसरी मंजिल पर गए। कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ था और कीमती आभूषण व नकदी गायब थी। चोरों ने सोने की तीन जोड़ी बालियां, एक अंगूठी और चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया है। इसके साथ ही घर में रखी करीब 70 से 80 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 16 जून को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल इलाके के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। इस घटना से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी भय और रोष है। पुलिस ने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने का आश्वासन दिया है।
Source: Source