छत्तीसगढ़ के कोरबा के मुड़ापार स्थित अंबेडकर भवन के पास नगर निगम के ग्रीन जोन क्षेत्र में अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई एकड़ शासकीय जमीन पर हरे-भरे पेड़ काटकर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह जमीन ग्रीन जोन के रूप में चिन्हित है, इसके बावजूद वहां लगातार पेड़ों की कटाई और जमीन समतलीकरण का काम जारी है। आरोप यह भी है कि इस अवैध गतिविधि में कुछ लोगों के साथ नगर निगम के एक कर्मचारी की संलिप्तता है। स्थानीय नागरिकों ने कर्मचारी मनोज बक्सेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने उसी शासकीय जमीन पर मकान भी बना लिया है। शिकायत के बाद मौके पर नगर निगम की टीम पहुंची थी और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध प्लाटिंग का काम अभी भी जारी है। नगर निगम ने कुछ लोगों को नोटिस जारी किए हैं और जांच की बात कही है। जोन कमिश्नर ने कहा है कि कर्मचारी की भूमिका की विभागीय जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
Source: Source