रेवाड़ी के बोलनी गांव बस स्टैंड पर सोमवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़ी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजबाला को एक तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। मृतका झज्जर के ऐरी गांव की रहने वाली थीं। वह अपने नाती योगेश के साथ बाइक पर अपनी नातिन से मिलने रेवाड़ी आ रही थीं। रास्ते में प्यास लगने पर नाती योगेश उन्हें सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर पानी लेने दुकान पर गया था। उसी दौरान कोटकासिम की ओर से आए अनियंत्रित टैंकर ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सीधे सड़क पर गिरीं और टैंकर के नीचे आ गईं। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी टैंकर चालक हादसे के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कसौला पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। चिकित्सकों ने अस्पताल में महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नाती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Source: Source