हिसार एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की ओर से ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट निदेशक ओपी सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में देशभर के हवाई अड्डों पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कर्मचारियों का सम्मान, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे आयोजन किए गए। निदेशक ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न सुविधाओं और फीडबैक प्रणाली की जानकारी दी। वर्तमान में हिसार एयरपोर्ट से जयपुर, दिल्ली, चंडीगढ़ और अयोध्या के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। अहमदाबाद और जम्मू के लिए नई उड़ानें शुरू करने की प्रक्रिया भी जारी है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, जैसे ही एयरलाइन से शेड्यूल मिलेगा, उसे मंजूरी दी जाएगी। एयरपोर्ट अब कम दृश्यता में भी उड़ान संचालन के लिए सक्षम हो गया है। 14 अप्रैल 2025 से अब तक 551 उड़ानों के जरिए लगभग 9,690 यात्री यात्रा कर चुके हैं। सबसे अधिक यात्री अयोध्या रूट पर दर्ज किए गए हैं। नया टर्मिनल और अन्य ढांचा 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है, जिससे क्षमता बढ़कर 16 लाख यात्री प्रति वर्ष हो जाएगी। सरकार एयरपोर्ट पर एमआरओ और ड्रोन परियोजनाओं को भी बढ़ावा देने की योजना पर काम कर रही है।
Source: Source