अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के राज्य स्तरीय समारोह से पहले पंचकूला में ‘योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा’ थीम पर जागरूकता मैराथन आयोजित की गई। यह मैराथन सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क से शुरू होकर ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम तक निकाली गई। कार्यक्रम में करीब दो हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पंचकूला के मेयर श्यामलाल बंसल ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर योग और नशामुक्ति का संदेश फैलाया। मेयर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की कला है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उनके अनुसार, योग को अपनाकर समाज को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त बनाया जा सकता है। अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रखना है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा तथा योग प्रशिक्षकों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
Source: Source