पंजाब के जालंधर जिले के भोगपुर क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में मां और बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चावला स्वीट्स के सामने हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार बस एक रेहड़े को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। रेहड़े पर सवार मां और उसकी दो बेटियां सड़क पार कर रही थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों करीब 10 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में मां पिंकी और उनकी बेटी योइदा की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बेटी अबीदा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका अस्पताल में इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों के शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे पहचान करना भी मुश्किल हो गया। पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परिवार कचरा एकत्रित करने का काम करता था और घटना के समय रेहड़े पर कबाड़ लेकर जा रहा था। हादसे के बाद सड़क पर प्लास्टिक की बोतलें और अन्य सामान बिखर गया। भोगपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि फरार बस चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Source: Source