पंजाब के मानसा जिले के सरदूलगढ़ निवासी राजिंदर सोनी की किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि उनका परिवार देखते ही देखते लखपति बन गया। राजिंदर अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। शोक के माहौल में किसी ने नहीं सोचा था कि वापसी का सफर इतनी बड़ी खुशी लेकर आएगा। राजिंदर कूलर निर्माण का काम करते हैं और उनकी एक छोटी फैक्ट्री है। परिवार में उनकी मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। अंतिम संस्कार के बाद घर लौटते समय राजिंदर ने अपनी मां से लॉटरी टिकट खरीदने को कहा। बेटे की जिद पर उनकी मां ने 50-50 रुपये के पांच टिकट खरीदे। यह पहली बार था जब राजिंदर ने अपने जीवन में कोई लॉटरी खरीदी थी। टिकट पंजाब स्टेट डियर 50 कोल्ट फ्राइडे वीकली लॉटरी के थे। उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे लॉटरी का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम देखकर परिवार हैरान रह गया क्योंकि एक टिकट पर 15 लाख रुपये का बंपर इनाम निकल आया था। पहली ही कोशिश में इतनी बड़ी राशि जीतने से परिवार में खुशी का माहौल बन गया। राजिंदर और उनके परिजनों ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे यादगार पल बताया। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Source: Source