पुतलीघर चौक से यूनिवर्सिटी तक जाने वाली मुख्य सड़क पर अवैध अतिक्रमण के कारण आम लोगों का निकलना दूभर हो गया है। सड़क के बीचों-बीच फल और सब्जी की रेहड़ियां लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय निवासी राजन कुमार ने बताया कि रेहड़ी संचालकों द्वारा न तो सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है और न ही उनमें रिफ्लेक्टर लगे हैं, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही, खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक भी सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे भीषण जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। निवासियों ने नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए तत्काल एक विशेष अभियान चलाया जाए ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
Source: Source